top of page

सही बोलिए ना, ग़लत क्यों बोल रहे हैं? (10 basic mistakes we do when we write/speak Hindi)

Writer: pragya tiwarypragya tiwary

अमूमन हम हिंदी लिखने/बोलने में जो गलतियाँ करते हैं, वो इसलिए करते हैं कि हमने उस शब्द को वैसा ही लिखा/बोला कहीं और (कई बार) देखा होता है।


इस ब्लॉग में मैं आपको अक्सर गलत लिखे/बोले जाने वाले वैसे शब्द (और उनकी सही लिखावट/वर्तनी) बताऊँगी जिन्हें पढ़कर आप जानेंगे और मानेंगे कि मेजॉरिटी हर बार सही हो, ज़रूरी नहीं।


 

1.     शुरुआत करते हैं ‘दवाइयाँ’ से। मेडिकल स्टोर्स पर आपने लिखा देखा होगा – दवाईयाँ। इसका एकवचन होता है - दवा/दवाई। बहुवचन में यह हो जाता है – दवाइयाँ। क्योंकि बहुवचन में दीर्घ/बड़ी ई/ऊ बदलकर हर्ष/छोटी इ/उ हो जाते हैं। तो सही शब्द है – दवाइयाँ। समझ गए?

गलत शब्द – दवाईयाँ

सही शब्द – दवाइयाँ

 

2.     दूसरा शब्द है – आशीर्वाद 

आपने अक्सर ऑटो पर लिखा देखा होगा – माता-पिता का आर्शीवाद। इसका pronunciation अँग्रेजी में देखते हैं ताकि आपको मैं लिखकर बता सकूँ। अँग्रेजी में आर्शीवाद का pronunciation होगा – aarsheevaad. गलती समझ आई? कई बार ऐसा भी लिखा देखा होगा – आर्शिवाद। इसका भी pronunciation almost यही होगा – aarshivaad. सही pronunciation क्या है? – aasheervaad यानि आशीर्वाद। ‘आशिर्वाद’ भी नहीं – आशीर्वाद।

गलत – आर्शीवाद/ आर्शिवाद/आशिर्वाद

सही – आशीर्वाद 

 

3.     आजकल एक और शब्द को हम ग़लत बोल रहे हैं – लुत्फ़। जी हाँ, सही शब्द लुत्फ़ है – लुफ़्त नहीं। बहुत से लोगों ने लुत्फ़ को लुफ़्त बोलना शुरू कर दिया है। आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है, कृपया उल्टा बोलकर इस लफ़्ज़ का लुत्फ़ ना बिगाड़ें।    

गलत शब्द – लुफ़्त

सही शब्द - लुत्फ़

 

 

4.     एक शब्द है नमस्कार। इसे आधे से अधिक लोग नमश्कार बोलते हैं। मैं यहाँ साफ कर दूँ कि बाँग्ला बोलते समय वहाँ की बोलचाल की ख़ास शैली के कारण आप ‘नमश्कार’ बोल सकते हैं पर जब आप हिन्दी बोल रहे हैं तो हिन्दी में यह शब्द ‘नमस्कार’ ही होता है।

गलत शब्द – नमश्कार

सही शब्द - नमस्कार

 

5.  ‘छठवाँ’ क्या होता है भाई? यह कुछ न्यूज़ चैनल और स्टार स्पोर्ट्स वालों का शुरू किया गया शब्द है जो निहायत ही ग़लत शब्द है। किसी भी तरह के कन्फ़्यूज़न को दूर करने के लिए मैं यहाँ 1 से 10 तक की गिनती इसी संबंध में लिख रही हूँ। कृपया ध्यान दें:

·         पहला

·         दूसरा

·         तीसरा

·         चौथा

·         पाँचवाँ

·         छठा

·         सातवाँ

·         आठवाँ

·         नौवाँ

·         दसवाँ 

सिर्फ इसलिए कि उसके पहले और बाद के शब्द में ‘वाँ’ लगा है, का मतलब यह नहीं कि ज़बर्दस्ती छठा में भी वाँ लगा दिया जाए।  

गलत शब्द – छठवाँ

सही शब्द – छठा

 

6.  अगर आप ‘के द्वारा’ बोलते हैं तो यह भी ग़लत है। ‘द्वारा’ का मतलब ‘by’ होता है। ‘के द्वारा’ बोलने का मतलब ठीक वैसा ही है जैसे आप अँग्रेजी में ‘of by’ बोलें। तो अगली बार जब आप किसी और को भी ऐसा बोलते देखें तो उन्हें भी यह बता दें।

गलत शब्द – के द्वारा

सही शब्द – द्वारा

 

7.  ‘अनेक’ शब्द का अर्थ है - ढेर सारे। जब ‘अनेक’ का ख़ुद मतलब ‘ढेर सारे’ होता है तो उसको अलग से बहुवचन बनाते हुए ‘अनेकों’ क्यों करना है भाई? याद रखिए, ‘अनेकों’ जैसा कोई शब्द नहीं होता।    

गलत शब्द – अनेकों

सही शब्द – अनेक

 

 

8.     अब जो मैं आपको बताने वाली हूँ, वह बात आपके आसानी से गले से नहीं उतरने वाली। बात यह है कि ‘ताज़ा’ शब्द का कोई स्त्रीलिंग शब्द नहीं होता। जी हाँ। आप कहेंगे, मतलब? मतलब यह कि ‘ताज़ी’ जैसी कोई चीज़ दुनिया में नहीं होती। तो अगली बार जब आप सब्ज़ी खरीद रहे हों तो भइया से ‘ताज़ी सब्ज़ियों’ की उम्मीद ना करें, ‘ताज़ा’ की उम्मीद करना आपका हक़ है। ताज़ा हवा, ताज़ा सब्ज़ियाँ उतना ही सही है जितना कि ताज़ा भोजन।

गलत शब्द – ताज़ी

सही शब्द – ताज़ा  

 

 

9.  ‘सुनहरी’ अच्छा-सा शब्द है ना? तो उसको सुनहरा’ क्यों करना? जैसे धूप या चिड़िया (या ऐसा ही कुछ) सुनहरी होती है वैसे ही रँग, जैकेट, जूता सबकुछ ‘सुनहरी’ ही होगा, क्योंकि मेरे दोस्त ‘सुनहरा’ कोई शब्द नहीं। मुझे पता है अजीब लगता है, पर यही सच है।

गलत शब्द – सुनहरा

सही शब्द – सुनहरी

 

 

10.   आज का आखिरी शब्द है - महत्ता। जी हाँ, ‘महत्व’ से बनता शब्द ‘महत्ता’। जिसके लिए हममें से कुछ लोग एक बेहद ऊटपटाँग शब्द ‘महत्वता’ का इस्तेमाल कर रहे हैं। आपके सामने भी कोई महत्वता बोले तो उनको सुधार दीजिये।

गलत शब्द – महत्वता

सही शब्द – महत्ता

 

 

अगर इनके अलावा भी कुछ ऐसे शब्द या वाक्य हैं जिनके सही/ग़लत होने में आपको कोई कन्फ़्यूज़न है तो धड़ल्ले से पूछिए। पूछिए, कमेन्ट सेक्शन में कि आपको हिन्दी में कहाँ-क्या दिक्कत आती है।

आपका कन्फ़्यूज़न दूर करने के लिए मैं हूँ ना!

 

Comentarios

Obtuvo 0 de 5 estrellas.
Aún no hay calificaciones

Agrega una calificación

©2021 by pragyatiwary. Proudly created with Wix.com

bottom of page